कानपुर। कानपुर-सागर हाईवे पर बिधनू थानाक्षेत्र स्थित शंभुआ रेलवे ओवर ब्रिज पर मंगलवार सुबह एक डंपर खराब हो गया। ठीक करने के दौरान दूसरे डंपर ने उसमें पीछे से टक्कर मार दी। इससे हाईवे पर आवागमन बाधित हो गया। कुछ ही देर में हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर तक जाम लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त डंपरों को वहां से हटवाया। करीब एक घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका।
सुबह करीब नौ बजे एक डंपर सीमेंट लादकर हमीरपुर जा रहा था। शंभुआ रेलवे ओवर ब्रिज पर डंपर खराब हो गया। चालक और क्लीनर डंपर को ठीक करने की कोशिश कर रहे थे। उसी दौरान महोबा के कबरई गिट्टी लादने जा रहे खाली डंपर ने खड़े डंपर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इससे दोनों डंपर क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों के चालक व क्लीनर मौके से भाग गए। रेलवे ओवर ब्रिज के ऊपर डंपरों के टकराने से हाईवे के दोनों तरफ जाम लगना शुरू हो गया। वाहनों की लंबी लाइन धीरे-धीरे बढ़ते हुए करीब पांच किलोमीटर तक पहुंच गई। जल्दी निकलने के चक्कर में छोटे वाहनों के उल्टी दिशा से गुजरने पर जाम की स्थित और विकराल हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त दोनों डंपरों हाईवे के किनारे खड़ा करवाकर यातायात शुरू कराया। बिधनू थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हाईवे से दोनों डंपरों को हटवा कर यातायात बहाल करा दिया गया है। हादसे में जानमाल की कोई क्षति नही हुई है। तहरीर मिलने पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।