विजेता टीम को ट्रॉफी देते डॉ. संजय कपूर।
- फोटो : संवाद
कानपुर। तृतीय अजय शर्मा स्मारक टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मैच में शनिवार को अंकित राजपूत की शानदार गेंदबाजी के दम पर केडीएमए ने रोवर्स क्लब को 21 रन से हराकर ट्रॉफी जीती। नौ रन देकर चार विकेट लेने के लिए अंकित राजपूत को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
किदवईनगर स्थित साउथ मैदान पर हुए मैच में केडीएमए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.2 ओवर में 125 रन बनाए। टीम से सुधांशु चौरसिया ने 24, प्रथम मिश्रा ने 23, शिवम दीक्षित ने 19 रन बनाए तो गेंदबाजी में राहुल यादव ने तीन, अक्षय सैनी, अनमोल पांडेय व सत्यम ने दो-दो और देवांश ने एक विकेट लिया।
वहीं रोवर्स क्लब की पूरी टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 104 रन ही बना सकी। टीम से रोहित सिंह ने 54 रन की पारी खेली जबकि कोई और बल्लेबाजी दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सका। गेंदबाजी में अंकित राजपूत ने चार, शिवम दीक्षित ने दो, अभिनव शर्मा, मयंक सिंह और सौरभ सिंह ने एक-एक विकेट लिया।
केसीए और यूपी टी-20 क्रिकेट लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। मौके पर कुलदीप यादव के कोच कपिल पांडेय, केसीए अध्यक्ष एसएन सिंह, सचिव कौशल कुमार सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।