अछल्दा थाना क्षेत्र में एक महिला अपनी चार पुत्रियों को लेकर ट्रेन से कटने के लिए ट्रैक पर पहुंच गई। राहगीरों की नजर पड़ने पर शोर मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस परिवार को समझाकर थाने ले आई।
औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र में पट्टे की जमीन पर पड़ोसियों के निर्माण कराने पर कार्रवाई न होने से क्षुब्ध महिला चार बेटियों के साथ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से कटकर जान से देने के लिए पहुंच गई। पीड़िता का आरोप है कि पति की मौत के दिन ही आरोपियों ने जमीन पर कब्जा कर लिया था।
विज्ञापन
राहगीरों की जानकारी पर पहुंची पुलिस पीड़ित परिवार को अपने साथ ले गई। पुराने अछल्दा निवासी कांति देवी सोमवार शाम को अपनी बेटी ममता, निशा, स्वाती, और अंजू के साथ ट्रेन से कटकर आत्महत्या करने के इरादे से रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई।
घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित परिवार को समझाया। कांति देवी ने बताया कि गाटा संख्या 512 में उसे पट्टा दिया गया था। लेखपाल ने उसे कब्जा भी दिला दिया था। 25 दिसंबर को पति श्रीकृष्ण की मौत हो गई। इसी दिन आरोपियों ने जमीन पर दोबारा कब्जा कर निर्माण शुरू कर दिया।
उसने एसडीएम बिधूना को शिकातयी पत्र दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निर्माण बंद करा दिया था। पुलिस के लौटते ही आरोपियों ने दोबारा निर्माण शुरू कर दिया। विरोध करने पर मारपीट पर आमादा हो गए। पुलिस का कहना है कि जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।