कानपुर देहात। रात में बिजली कटौती से गुस्साए लोगों ने शुक्रवार रात सट्टी उपकेंद्र पहुंच कर हो हल्ला किया। बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी की। बिजली कर्मियों ने कंट्रोल से कटौती की बात कही और लोगों को शांत कराया। इसके बाद करीब एक घंटे बाद लोग घरों को लौट गए।
ग्रिड उपकेंद्र से रात में ग्रामीण फीडरों में आपात बिजली कटौती की जा रही है। कई बार दो-दो घंटे कर रात में दो से तीन बार बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। इसके बाद स्थानीय फॉल्ट से भी बिजली किल्लत बनी रहती है। इधर कुछ दिनों से उमस भरी गर्मी पड़ रही है। आए दिन की बिजली कटौती से सट्टी उपकेंद्र से जुड़े शाहजहांपुर, जहांगीरपुर, ढिकची, महकापुर, फैजलीपुर, बिझौना, दूदेपुर, नौबादपुर व ट्योगा आदि गांवों के लोग परेशान हैं। रात में नींद पूरी नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
शुक्रवार रात में बिजली किल्लत पर सट्टी व आसपास के करीब 50 से अधिक लोग उपकेंद्र पहुंच गए। लोगों ने करीब एक माह से रात में घंटों बिजली कटौती पर नाराजगी जताई और हो हल्ला किया। इसके बाद बिजली निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उपकेंद्र पर मौजूद एसएसओ व लाइनमैनों ने समझा बुझाकर किसी तरह से लोगों को शांत किया। एसडीओ अनिल कुमार ने बताया कि कंट्रोल से रात में आपात बिजली कटौती की जाती है। ग्रामीणों को समझा दिया गया है।
.....................
उमस में घंटों बिजली गुल रहने से लोग परेशान
अमरौधा। नगर में बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोग खासे परेशान हैं। अमरौधा उपकेंद्र से जुड़े पातेपुर और अमरौधा में बिजली आपूर्ति घंटों बाधित रहती है। पातेपुर के अरविंद यादव, निर्वेश यादव ने बताया कि मंगलवार से बिजली आपूर्ति बेपटरी है। रात में हर घंटे पर ट्रिपिंग होती है। इससे नींद में खलल पड़ता है। वहीं आजाद नगर अमरौधा के अनस कुरैशी, रजा ने बताया कि आजाद नगर में ट्रॉली ट्रांसफार्मर महीनों से रखा है। स्थायी ट्रांसफॉर्मर नहीं लग सका है। ओवर लोड के चलते ट्रिपिंग होती है। जेई रजनीश कुमार ने बताया कि बीते दो दिन मांचा लिंक मार्ग के चौड़ीकरण के कारण पोल शिफ्टिंग हो रही थी। इसकी वजह से बिजली आपूर्ति बाधित रही। फॉल्ट होने पर जल्द से जल्द ठीक कराने की प्राथमिकता रहती है। (संवाद)