कानपुर देहात। विद्युत उपकेंद्र रायपुर के ग्रामीण फीडर की बिजली चली जाने पर शुक्रवार रात 11:30 बजे के करीब कुछ लोगों ने उपकेंद्र में घुसकर एसएसओ व उसके सहायक के साथ मारपीट कर दी। इससे दोनों घायल हो गए। मामले में उपखंड अधिकारी रनियां की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
रनियां उपखंड अधिकारी विकास सोनी ने रनियां थाना में तहरीर दी। बताया कि शुक्रवार रात को विद्युत उपकेंद्र रायपुर में यूपीएसआईडीसी कॉलोनी निवासी एसएसओ चंद्रभान व कमीर निवासी सहायक कौशल शर्मा ड्यूटी पर तैनात थे। रात करीब 11:30 बजे के करीब एसएसओ लॉग शीट में एंट्री कर रहे थे। जबकि सहायक उपभोक्ताओं की कॉल रिसीव कर रहे थे। इस दौरान उपकेंद्र से ग्रामीण फीडर पर शट डाउन लिया गया था। आरोप है कि इस बीच रायपुर निवासी ओम सिंह उर्फ बाबू, प्रशांत, धोनी, प्रिंस, हिमांशु ठाकुर उपकेंद्र पर पहुंचे और कर्मचारियों के साथ बिना किसी बात के गाली-गलौज कर मारपीट करने लगे। मारपीट में हेल्पर कौशल शर्मा का सिर फट गया जबकि एसएसओ चंद्रभान के शरीर में चोटें आईं। आरोपियों के चले जाने के बाद दोनों कर्मचारियों ने घटना की जानकारी उपकेंद्र के अवर अभियंता राजकमल को दी थी
.................
पूर्व में हुई मारपीट पर कार्रवाई न होने से रोष
उपकेंद्र में घुसकर कर्मचारियों से मारपीट के बाद से बिजली कर्मियों में रोष है। एसएसओ चंद्रभान ने बताया कि आरोपियों ने छह जुलाई को उपकेंद्र में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट की थी। मामले में शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने के चलते आरोपियों की ओर से बार-बार सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई जा रही है। यदि पुलिस पूर्व में हुई घटना को संज्ञान में लेकर कार्रवाई करती तो यह घटना नहीं होती।
..................
बयान ....
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायल एसएसओ व सहायक का डॉक्टरी परीक्षण करवाया गया है। उपखंड अधिकारी की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा। - दिनेश कुमार गौतम, थानाध्यक्ष रनियां