हाथों में हथियार और डंडे लिए दबंग
- फोटो : अमर उजाला
यूपी में कानपुर के बिधनू में मकान निर्माण के एवज में पांच लाख रुपये गुंडा टैक्स न देने पर दबंगों ने प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक और उनके परिवार के लोगों को लाठी-डंडे से पीटा। दहशत फैलाने के लिए 15-20 राउंड फायरिंग की और लग्जरी गाड़ियों में बैठकर भाग निकले। थाने में शिक्षक ने चार लोगों को नामजद और 10 अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिधनू केओरछी गांव निवासी अरुण साहू सीतापुर में प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। बिधनू के सिद्धार्थ नगर बिनगवां में वह अपने प्लाट पर निर्माण करा रहे हैं। दोपहर में परिजन अनीता और रामा प्लाट पर थीं तभी इलाके का अंजय साथी के साथ आया और पांच लाख रुपये गुंडा टैक्स मांगा। उन्होंने पुलिस बुला ली तो आरोपी भाग निकले।
कुछ देर बाद अंजय कई साथियों के साथ प्लाट पर पहुंचा और निर्माण को गिरा दिया। फिरदेर शाम अंजय, रज्जा, विकास 10 साथियों के संग लग्जरी गाड़ियों से पहुंचे। प्लाट पर मौजूद अरुण, अनीता, उनके बेटे शिवांशु और परिवार के राजेश, मनीष राजकुमार और विश्वनाथ को लाठी-डंडे, असलहे की बट् से जमकर पीटा।
दहशत फैलाने के लिए इरादे से 15-20 राउंड फायरिंग भी की। सूचना पाकर बिधनू पुलिस पहुंची, तब तक आरोपी फरार हो चुकेथे। थानाध्यक्ष ने बताया कि पिटाई का शिकार लोगों को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।