इसमें सड़क का चौड़ीकरण, वीआईपी रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास से सुलभ शौचालय तक नाले पर स्लैब ढालकर सड़क 40 फीट चौड़ी करना, पार्किंग स्थल विकसित करने, आनंदेश्वर मंदिर के परमट पुलिस चौकी के सामने स्थित गेट के पास से गंगा किनारे मंदिर परिसर तक आवागमन के लिए मार्ग का निर्माण आदि शामिल है। इस मौके पर विधायक सुरेंद्र मैथानी, नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन, भाजपा जिलाध्यक्ष (उत्तरी) सुनील बजाज, क्षेत्रीय पार्षद कीर्ती अग्निहोत्री, मेनका सिंह, पूर्व पार्षद देवेंद्र सब्बरवाल आदि मौजूद रहे।
सांसद और भाजपा नेता में हुई कहा-सुनी
शिलान्यास समारोह में सांसद सत्यदेव पचौरी और भाजपा नेता सुरेश अवस्थी में कहा-सुनी हो गई। महापौर की मौजूदगी में दोनों में तू-तू, मैं-मैं होती देख सन्नाटा पसर गया। इसके बाद में मामला शांत कराया गया। सांसद ने कहा कि महापौर प्रमिला पांडेय रोज मंदिर में दर्शन करने आती हैं।
वह भी आते हैं। चुटकी लेते हुए कहने लगे कि पास में बैठे सुरेश अवस्थी यही रहते हैं, लेकिन दर्शन करने नहीं आते। यह सुनते ही सुरेश अवस्थी भड़क गए। कहने लगे कि कौन कहता है कि वह मंदिर दर्शन करने नहीं आते। सांसद ने फिर मजाकिया लहजे में कहा कि महापौर ने बताया है, यह सुनते ही सुरेश का गुस्सा और बढ़ गया।
नाराजगी जताते हुए कहने लगे कि मेयर गलत बोल रही हैं। भाजपा नेता की नाराजगी देख कार्यक्रम स्थल में सन्नाटा छा गया, जबकि इससे पहले वहां सांसद के भाषण के दौरान तालियां बज रही थीं। मामला तूल पकड़ता देख सांसद ने कहा कि वह अपने शब्द वापस लेते हैं। उधर, सुरेश त्रिवेदी ने बताया कि कार्यक्रम में हंसी हो रही थी।
पार्षद ने किया प्रस्ताव देने का दावा
परमट वार्ड की पार्षद कीर्ति अग्निहोत्री ने दावा किया कि उन्होंने आनंदेश्वर मंदिर के आसपास सुंदरीकरण का प्रस्ताव नगर निगम को दिया था। पार्किंग का मामला भी सदन में उठाया था।