बकेवर। आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे को पार करते समय वृद्ध को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। औरैया के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पैगूपुर निवासी श्यामकरन (70) नेशनल हाईवे किनारे एक पेट्रोल पंप पर चौकीदार थे। शुक्रवार सुबह करीब पौने छह बजे वह हाईवे की दूसरी ओर स्थित एक चाय की दुकान पर चाय पीने गए थे। वहां से वापस हाईवे को पार करते समय औरैया से इटावा की ओर जा रहे अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए।
वृद्ध ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अजीतमल व औरैया पुलिस मौके पर पहुंची। मामला इटावा सीमा में होने पर बकेवर थाना की महेवा चौकी पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र संतोष समेत परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। थानाध्यक्ष विपिन मलिक ने बताया कि वृद्ध के हाईवे पार करते समय किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपी वाहन चालक को पकड़ा जाएगा।