बसरेहर (इटावा)। बसरेहर क्षेत्र के कोल्डस्टोर में सोमवार की सुबह वाल्व लीक होने से अमोनिया गैस रिसने लगी। इससे अफरा-तफरी मच गई। ऑपरेटर ने सबमर्सिबल पंप से पानी की बौछार कर गैस फैलने से रोकने की कोशिश की। सूचना पर करीब 10 मिनट बाद दमकल टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने लीकेज वाल्व को ठीक किया। इस दौरान ऑपरेटर बेहोश हो गया। सीपीआर देकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। करीब एक घंटे बाद छुट्टी दे दी गई।
सोमवार को सुबह करीब आठ बजे बसरेहर के दतिया पुल स्थित कोल्डस्टोर में वाल्व लीक होने से अमोनिया गैस रिसने लगी। इस पर वहां काम कर रहे लोग बाहर आ गए। ऑपरेटर किशन ने गैस रिसने की सूचना दमकल विभाग को दी। गैस का प्रभाव कम करने के लिए सबमर्सिबल से पानी डालने लगा। 10 मिनट बाद पहुंची दमकल विभाग की दो टीमों ने लीकेज वाल्वों को बंद कराया। साथ ही एडजॉस्ट पंखे गैस बाहर निकाली और वाल्व को बदला। इस दौरान किशन गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। सीपीआर देकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक घंटे में स्थिति सुधरने पर छुट्टी दे दी गई। गैस रिसाव की सूचना पर जिला उद्यान अधिकारी श्याम सिंह भी पहुंचे। उन्होंने कोल्डस्टोर के कर्मचारियों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली।