कानपुर में सर्द मौसम में पुलिस के निर्देशों पर शराब के शौकीनों का कोई असर नहीं है। शहर की सड़कों पर खुलेआम लोग कार-ओ-बार चला रहे हैं। शराब ठेके से लेकर रेस्टोरेंट और ढाबों के बाहर ही सड़क किनारे कार खड़ी कर लोग जाम पर जाम छलका रहे हैं। सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन पर रोक के आदेश की अमर उजाला ने रविवार को अलग-अलग क्षेत्रों में पड़ताल की, तो असलियत सामने आ गई। लोग खुलेआम शराब पीते मिले। यह तब है जब पुलिस कार-ओ-बार तो ट्रैफिक पुलिस शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाने का दम भर रही है।
सार्वजनिक स्थान पर शराब पीना अपराध है और इसके लिए सजा का प्रावधान है। शराब पिलाने वालों और स्थानों को चिह्नित किया जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -नीलाब्जा चौधरी, जेसीपी क्राइम