‘अमर उजाला’ कानपुर की ओर से 15 अगस्त को निकलने वाली ‘मां तुझे प्रणाम’ रैली में सरकारी विभागों की 50 से ज्यादा झांकियां शामिल होंगी। इन झांकियों में सरकारी योजनाओं की झलक देखने को मिलेगी। आईटीएमएस से सुधरी यातायात व्यवस्था, हेलमेट से सुरक्षा, स्वच्छता अभियान, बाढ़ पीड़ितों की मदद, पॉलिथीन पर रोक और हुक्का के खिलाफ अभियान का नजारा भी देखने को मिलेगा। जिला प्रशासन इस रैली का सहयोगी है।
गुरुवार को एडीएम सिटी सतीश पाल ने कलक्ट्रेट सभागार में सभी विभागों के अफसरों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि सभी विभाग सरकारी योजनाओं पर जागरूक करती अलग-अलग थीम की झांकी सजवाकर रैली में शामिल हों। बैठक में बताया गया कि केडीए की पांच, नगर निगम की एक, सीएमओ की दो, जिला आपूर्ति दफ्तर की दो झांकी शामिल होंगी। जिला आपूर्ति एवं खाद्य विभाग की भी दो झांकियां होंगी। इसमें एक झांकी उज्ज्वला योजना पर होगी। इंटर कॉलेजों की 25 झांकी अलग-अलग थीम पर शामिल होंगी। बीएसए की पांच, जिला पंचायतीराज अधिकारी की तीन झांकियां होंगी।
झांकी में सफाई के प्रति नुक्कड़ नाटक करते लोग नजर आएंगे
माँ तुझे प्रणाम
इसमें एक झांकी में सफाई के प्रति नुक्कड़ नाटक करते लोग नजर आएंगे। सिविल डिफेंस की एक, जिला समाज कल्याण अधिकारी की एक, जिला कृषि अधिकारी की एक और नेहरू युवा केंद्र की तीन झांकियां होंगी। सीयूजीएल की दो, यूपीएसआईडीसी की एक, केस्को की एक, आरटीओ की एक झांकी होगी। इसमें 25 बाइक सवार हेलमेट पहनकर चलेंगे। डूडा की एक और जिला कार्यक्रम अधिकारी की दो झांकी शामिल होंगी। होमगार्ड का एक बैंड भी रैली के साथ चलेगा।
एसपी ट्रैफिक सुशील कुमार ने कहा कि सभी विभागों के कर्मचारी पंक्ति से अपनी झांकियां लगाएं। ताकि यातायात व्यवस्था न बिगड़े। बैठक में एआरटीओ आदित्य त्रिपाठी, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के लेखाकार सुशील कुमार, नमिता सिंह, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से आशुतोष पांडेय, एयरफोर्स से आरएन वर्मा, यूपीएसआईडीसी से अनमोल बाजपेई, सिविल डिफेंस के उप नियंत्रक कश्मीर सिंह, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार, केस्को के अधिशासी अभियंता अमित धर्मा, जिला कृषि अधिकारी दफ्तर से जगदीश नारायण, सीएमओ दफ्तर से डॉ. एसके सिंह, सीयूजीएल से मुही खान, सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम सलाहकार निधि बाजपेई, होमगार्ड विभाग से लाल साहब यदुवंशी, केडीए, नगर निगम, नेहरू युवा केंद्र, जिला आपूर्ति अधिकारी दफ्तर, डूडा के अफसर मौजूद रहे।