मैंने अपने जीवन में बहुत सी गलतियां की हैं, हमेशा झूठ बोला है...इसकी वजह से अब मुझे मौत का रास्ता चुनना पड़ रहा है। यह बात बर्रा थाना क्षेत्र में शनिवार को फांसी लगाकर खुदकुशी करने वाले ठेकेदार ने मरने से पहले अपने सुसाइड नोट में लिखी। साथ काम कर रहे अन्य लोगों ने दरवाजा तोड़ कर शव को फंदे से उतार पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। किदवईनगर के-ब्लॉक निवासी सचिन गुप्ता (41) फर्नीचर ठेकेदारी करते थे। उनके पिता रामशरण गुप्ता की जूही डिपो के पास एसआर मार्बल के नाम से बड़ी दुकान है। पिता ने पुलिस को बताया कि बर्रा दो में मेयर प्रमिला पांडेय के सचिव श्रीबाबू के दामाद बनारस सिंचाई विभाग में एक्सईएन राजेंद्र के निर्माणाधीन मकान में सचिन का काम लगा हुआ था।
सचिन रोज की तरह शनिवार को सुबह करीब 11 बजे घर से काम पर जाने को बोल कर बाइक से निकला था। दोपहर दो बजे पिता ने उसे फोन किया तो कोई जवाब न मिलने पर इसी निर्माणाधीन मकान में मार्बल की ठेकेदारी करने वाले भरत को फोन कर बेटे के विषय में पूछा। भरत पिता की बात कराने के लिए पहली मंजिल पर स्थित किचन पर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद पाया।
दरवाजा न खुलने पर पिता भी कुछ देर में मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों ने किसी तरह किचन का दरवाजा तोड़ा तो सचिन का शव पंखे के कुंडे से रस्सी के सहारे लटका देखा। पुलिस ने सुसाइड नोट कब्जे में ले लिया। परिवार में सचिन की पत्नी रोली व दो छोटी बेटियां हैं।