यूपी के उन्नाव जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र में तैनात सिपाही द्वारा एक नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। पीड़ित किशोरी की मां ने एसपी से गुहार लगाई है। एसपी ने कोतवाल को आरोपी सिपाही के खिलाफ तहरीर के आधार पर जांच करके मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है।
शहर के एक मोहल्ला निवासी महिला ने पुलिस को दिए गए शिकायतीपत्र में बताया कि 28 अक्तूबर को वह शुक्लागंज निवासी अपनी बहन के घर गई थी और पति काम के सिलसिले में बाहर थे। घर में उनकी नाबालिग बेटी अकेली। सदर कोतवाली में तैनात एक सिपाही अपने दो साथियों के साथ उसके घर पहुंचा और बेटी से छेड़छाड़ की। पड़ोसियों के आने पर सिपाही और उसके दोनों साथी धमकी देकर भाग निकले।
शाम को सिपाही अपने साथियों के साथ फिर पहुंचा और किसी अधिकारी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। एसपी हरीश कुमार ने मामले की जांच और कार्रवाई का आदेश कोतवाली प्रभारी को दिया है। कोतवाली प्रभारी अरुण प्रताप द्विवेदी ने बताया कि उन्हें अभी कोई आदेश नहीं मिला है। जैसे ही प्रार्थनापत्र मिलेगा जांच और कार्रवाई की जाएगी।