कानपुर। उर्सला अस्पताल में इलाज में लापरवाही और मनमाने ढंग से रुपये वसूलने का आरोप तीमारदार ने लगाया है। शिवाला स्थित कैलाश मंदिर के पास रहने वाली नैना सिंह पुत्री सरस्वती सिंह ने अस्पताल के निदेशक को शिकायती पत्र देकर डॉक्टर और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नैना सिंह ने पत्र में कहा है कि उनकी मां सरस्वती देवी के पेट में गांठ थी। जांच के बाद चिकित्सक ने जल्द ऑपरेशन कराने की सलाह दी। आरोप है कि अस्पताल कर्मचारी ने ऑपरेशन का खर्च 10 हजार रुपये बताया। रकम जमा करने के बाद ऑपरेशन किया गया और मरीज को छुट्टी दे दी गई।
परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन बाद ड्रेसिंग कराने अस्पताल पहुंचे तो मां के पेट में गंभीर संक्रमण दिखा। शिकायत डॉक्टर से करने पर उन्होंने अभद्र व्यवहार किया। मामले में अस्पताल निदेशक सीमा श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत पर जांच के निर्देश दिए हैं। (संवाद)