कानपुर। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) ने ट्रांसगंगा सिटी में 100 करोड़ रुपये से बनने वाले वेयरहाउस के प्लान को बुधवार को स्वीकृति दी। यह वेयरहाउस एलिम्को का सबसे बड़ा होगा। इससे औद्योगिक विकास के साथ 50 से अधिक नए रोजगार अवसर भी सृजित होंगे।
गंगा बैराज किनारे बसाई गई ट्रांसगंगा सिटी में औद्योगिक क्षेत्र की परियोजनाओं का निर्माण शुरू हो गया है। यूपीसीडा ने एलिम्को को इस परियोजना के 3.15 एकड़ भूमि का आवंटन किया है। बिल्डिंग प्लान की स्वीकृति के बाद अब एलिम्को निर्माण कार्य शुरू करेगा। प्लान स्वीकृति के दौरान यूपीसीडा के सीईओ मयूर माहेश्वरी, एलिम्को से अतुल रूस्तगी, आलोक ठाकुर, जितेंद्र सिंह एवं चंद्रशेखर उपस्थित रहे।