उत्तराखंड के केदारनाथ की तर्ज पर हो रहा निर्माण
इटावा में यमुना नदी के किनारे सफारी पार्क के ठीक सामने करीब 50 बीघा क्षेत्र में केदारेश्वर महादेव मंदिर का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। उत्तराखंड के प्रसिद्ध केदारनाथ मंदिर की तर्ज पर बन रहे इस मंदिर का निर्माण कार्य लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है और आगामी सितंबर तक इसे पूरी तरह तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में बताया कि यह मंदिर शिवशक्ति अक्ष रेखा पर स्थित है, जहां प्रवेश द्वार पर प्रभु श्रीराम और श्रीश्याम की प्रतिमाएं स्थापित हैं तथा गर्भगृह में पवित्र शालिग्राम विराजमान हैं।
यमुना तट पर निखर रही आस्था की नई धरोहर
सपा प्रमुख ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सभी देशवासियों को पवित्र श्रावण मास की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि यह एक ऐसा दिव्य धाम बनकर उभर रहा है, जहां दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को मनोवांछित फल और वरदान प्राप्त होगा। मंदिर के सामने विशाल नंदी की प्रतिमा भी स्थापित की गई है। इस वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में मंदिर के लोकार्पण को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।