अखिलेश यादव का चुनावी रथ उन्नाव पहुंचा। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर हमला बोला। अखिलेश ने कहा कि कानपुर मेट्रो का शिलान्यास मैंने किया। उस मौके पर केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू और कानपुर के सांसद मुरली मनोहर जोशी भी थे। अब इसका श्रेय भाजपा ले रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इत्र व्यवसायियों के यहां छापों में करोड़ों रुपये मिलने पर भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह पैसा समाजवादियों का नहीं बल्कि भाजपाइयों का है। सरकार इनकी है। बैंक इनकी है। सरकारी मशीनरी इनकी है तो क्यों नहीं इसकी जांच कराते। भाजपाइयों का फोन डिटेल निकलवाएं।
विज्ञापन
नोटों के बारे में बैंकों से जानकारी कराएं। सारी असलियत सामने आ जाएगी। नोटबंदी के बाद आज भी पैसा निकल रहा है। इसका सीधा अर्थ है कि नोटबंदी फेल हो गई है। समाजवादी विजय यात्रा रवाना होने से पहले जीआईसी मैदान में आयोजित जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा (मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ) झूठ मत बोलो। सच्चाई सामने लाओ।
कितना भी जोर लगा लो 2022 में सरकार बचने वाली नहीं है। भाजपा सरकार झूठ, गुमराह व धोखा देने वाली है। जिस मेट्रो का उद्घाटन प्रधानमंत्री ने किया है वह असल में सपा की ही देन है। जब उन्होंने कानपुर मेट्रो का शिलान्यास किया था, तब मुरली मनोहर जोशी और वेंकैया नायडू भी मौजूद थे। घोषणा की कि यदि 2022 में सरकार बनी तो मेट्रो उन्नाव तक लाई जाएगी। बोले, ये डरा कर वोट मांगते हैं।
विज्ञापन
इनके गृह राज्यमंत्री का बेटा किसानों पर गाड़ी चढ़ाता है। सपा सरकार में उन्नाव-शुक्लागंज मार्ग का चौड़ीकरण किया गया था। अलग से साइकिल ट्रैक बनाया गया था। उस समय लाइटें भी जलती थीं। सरकार बदलते ही लाइटें तक किसी ने चोरी कर ली। पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश ने कहा कि उम्मीद है चुनाव समय पर होगा। चुनाव आयोग जो कहेगा उसका पालन किया जाएगा। कहा कि ये भगवान श्रीराम का मंदिर नहीं बनाना चाहते बल्कि उस पर वोट बनाना चाहते हैं।