कानपुर में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को केंद्र और प्रदेश सरकार पर खूब बरसे। झांसी में पुष्पेंद्र एनकाउंटर मामले में सरकार को आड़े हाथों लिया और कहा कि जो अपराधी हत्या कर रहे हैं सरकार उन्हें रोक नहीं पा रही। कानून व्यवस्था के नाम पर पुलिस बेगुनाह लोगों की हत्या कर रही है।
प्रदेश की जनता सुरक्षित नहीं है। किसान जहां आत्महत्या कर रहे हैं और व्यापारियों का कारोबार ठप है, वहां उप चुनाव के बाद साइकिल यात्रा निकालेंगे। अखिलेश यादव झांसी से लखनऊ लौटते वक्त अपने करीबी मनोज यादव के पिता स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लक्ष्मी नारायण यादव की तेरहवीं में शामिल होने नौबस्ता क्षेत्र के केशव नगर पहुंचे।