कानपुर। शैक्षणिक सहयोग को नई दिशा देने के उद्देश्य से डॉ. आंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी फॉर दिव्यांगजन (एआईटीडी) और जेएसएस पॉलिटेक्निक फॉर डिफ्रेंटली एबेल्ड मैसूर के बीच एमओयू साइन हुआ। यह समझौता शिक्षकों के प्रशिक्षण, पाठ्यक्रम विकास, अनुसंधान एवं विकास, कौशल विकास सहित अन्य शैक्षणिक और तकनीकी गतिविधियों में आपसी सहयोग को बढ़ावा देगा।
एमओयू पर एआईटीडी की निदेशक प्रो. रचना अस्थाना और जेएसएस पॉलिटेक्निक के प्रिंसिपल बी. एलंगोवान ने हस्ताक्षर किए। इसके तहत दोनों संस्थानों के छात्र एक-दूसरे की आधुनिक प्रयोगशालाओं, वर्कशॉप और तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर सकेंगे। इससे उन्हें व्यावहारिक ज्ञान, हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग और लाइव प्रोजेक्ट्स पर काम करने का मौका मिलेगा, जो उन्हें उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करेगा।
विशेष रूप से दिव्यांग छात्रों के लिए यह समझौता अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। उन्हें विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं, नवीन तकनीकों से परिचय और कौशल विकास के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। संयुक्त रूप से विकसित किए जाने वाले पाठ्यक्रम छात्रों की रोजगार क्षमता बढ़ाने में सहायक होंगे।