खूनी संघर्ष के बाद इलाके में तैनात फोर्स
- फोटो : अमर उजाला
हमीरपुर राठ के सिकंदरपुरा मोहल्ले में मंगलवार रात दो पक्षों में हुए खूनी संघर्ष के बाद भड़का आक्रोश थम चुका है। मगर सन्नाटा बरकरार है। वहीं पुलिस अभिरक्षा में लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष का इलाज चल रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से मृतक व लेखपाल के घरों पर पीएससी के जवान मुस्तैद हैं।
वर्चस्व को लेकर मंगलवार रात लेखपाल संघ जिलाध्यक्ष सुरेश यादव व रघुवीर यादव के बीच सिकंदरपुरा में खूनी संघर्ष हुआ था। गोली लगने से रघुवीर यादव की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गोली लगने से घायल लेखपाल संघ जिलाध्यक्ष सुरेश यादव की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
कोतवाल मनोज शुक्ला ने कहा कि सिर से गोली निकाल दी गई है। गुरुवार को उनकी हालत में कुछ सुधार देखा गया। कहा कि उनका पुलिस अभिरक्षा में उपचार कराया जा रहा है। साथ में पत्नी व पुत्र भी है। कहा कि लेखपाल पक्ष से अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है।
गुरुवार को भी मृतक व घायल के घरों पर सन्नाटा पसरा मिला। मृतक रघुवीर यादव के घर से उसके मासूम बच्चों काजल (9) व लालू (7) के रोने की आवाजें आ रहीं हैं। पत्नी सुमन यादव बिलखते बच्चों को संभालते खुद बेसुध हो जाती है। कोतवाल मनोज शुक्ला ने कहा कि दोनों घरों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है।