भरथना-ऊसराहार रोड पर हुए हादसे के बाद सड़क पर पलटी पड़ी पिकअप।
- फोटो : भरथना-ऊसराहार रोड पर हुए हादसे के बाद सड़क पर पलटी पड़ी पिकअप। संवाद
भरथना। लखना के कालका मंदिर में झंडा चढ़ाकर लौट रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राॅली सोमवार रात भरथना-ऊसराहार रोड पर सामने से आ रही पिकअप टकरा गई। हादसे के बाद दोनों वाहन पलट गए। हादसे में दोनों वाहनों में सवार लगभग 10 लोग घायल हो गए। इनमें से तीन लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
नरेंद्र बाथम निवासी गांव उमरैन औरैया सोमवार को परिवार व गांव के अन्य लोगों के साथ लखना स्थित कालिका जी मंदिर में झंडा चढ़ाने के लिए ट्रैक्टर ट्राॅली से आए थे। रात में ट्रैक्टर ट्राॅली से सभी लोग गांव लौट रहे थे। रास्ते में भरथना-ऊसराहार रोड पर लगभग सवा नौ बजे सामने से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी, कि हादसे के बाद दोनों वाहन वहीं सड़क पर पलट गए। इससे उनमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
हादसे में लगभग 10 लोग घायल हो गए। सभी को सीएचसी पहुंचाया गया। यहां पर हालत गंभीर देखते हुए ट्रैक्टर ट्राॅली सवार नरेंद्र (30), पिकअप सवार रत्नेश (20) निवासी गांव नग्ला भगे समेत तीन लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। देर रात तक तीनों को यहां उपचार दिया जा रहा था।