राजपुर। अशोक नगर वार्ड में पाइप लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क अधूरी छोड़ दी। इससे पैदल चलना मुश्किल हो रहा है। स्थानीय लोगों ने जल्द सड़क ठीक कराने की मांग की है।
नगर पंचायत के मोहल्ला अशोक नगर में हर घर नल योजना के तहत जल निगम द्वारा 15 दिन पहले पुरानी जामा मस्जिद के सामने से मोहम्मद उमर खां के घर के सामने तक पाइपलाइन डाली गई। इसके लिए गली के मध्य में इंटरलाकिंग सड़क की खोदकर की गई। पाइपलाइन डालने के बाद ठेकेदार द्वारा गड्ढे भरने के नाम पर खानापूर्ति कर दी गई है। सड़क पर बगैर ईंट बिछाए गड्ढों में मिट्टी भर दी। बारिश में मिट्टी बैठ गई है। मिट्टी बैठने के कारण गली में मध्य में नाली सी बन गई है। इससे राहगीरों को आवागमन दिक्कत हो रही तथा आसपास के लोग भी परेशान हैं।
वार्ड निवासी मोहम्मद उमर, दानिश, रामदयाल, अंकुर बिश्नोई का कहना है कि नगर पंचायत के ठेकेदार ने पाइप लाइन डालते वक्त सड़क को खोद दिया, पर उन्हें ठीक करना जरूरी नहीं समझा। वार्ड में लोग गिरते-पड़ते निकलने को मजबूर हैं। बरसात में गड्ढों में भरा पानी हादसों को कारण बनेगा। लोगों का कहना है कि खोदी गई सड़क की मरम्मत कराई जाए ताकि आवागमन सुचारू हो सके तथा लोगों की परेशानी दूर हो सके। नगर पंचायत की ईओ नीति त्रिपाठी ने बताया कि ठेकेदार को सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द सड़क ठीक कराई जाएगी।