कानपुर के पनकी थाना इलाके के पतरसा गांव में अवैध संबंध का विरोध करने पर शिक्षक पति को कमरे में बंदकर जिंदा जला दिया। पतरसा गांव में वकील के स्कूल में अधजला शव मिला है। पत्नी पर प्रेमी, वकील एवं एक अन्य संग मिलकर वारदात को अंजाम देने का आरोप है। मृतक के भाई ने तहरीर दी है। पुलिस ने वकील को गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी और प्रेमी फरार हो गए हैं।
कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र के पतरसा गांव में सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। अवैध संबंधों का विरोध करने पर पत्नी ने अपने प्रेमी, परिचित एक वकील और अन्य के साथ मिलकर पति को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। वारदात को अंजाम वकील के स्कूल के एक कमरे में दी गई।
विज्ञापन
पुलिस ने अधजली लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इसके साथ ही स्कूल मालिक वकील को गिरफ्तार कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। मृतक के भाई ने भाभी, उसके प्रेमी समेत चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
फतेहपुर के देवरी गांव के रहने वाले दयाराम सोनकर (45) कानपुर देहात के रसधान स्थित ग्राम्य विकास इंटर कॉलेज में समाजशास्त्र के टीचर थे। उनकी शादी साल 2009 में फतेहपुर के भैंसोली, बकेवर, जहानाबाद की रहने वाली संगीता से हुई थी।
विज्ञापन
उनका एक बेटा आदविक है। दयाराम परिवार के साथ बर्रा-आठ में मकान बनाकर रहते थे। मृतक के छोटे भाई अनुज के अनुसार, संगीता के हरबशपुर बिधनू निवासी ढाबा मालिक पवन से प्रेम संबंध थे। भाई दयाराम ने 24 सितंबर 2023 को भाभी संगीता को पवन के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। तबसे संगीता बेटे को साथ लेकर अलग रहती थी।
अनुज के मुताबिक, उसकी ससुराल कानपुर देहात के रायपुर के पास जग्गूपुरवा में है। भाई के बर्रा में अकेले रहने के कारण उन्हें अपने साथ ही रख लिया था। वहीं से कॉलेज आना-जाना करते थे। आरोप है कि रविवार को संगीता ने दयाराम को फोन करके पतरसा गांव निवासी वकील संजीव कुमार के घर पर बात करने के लिए बुलाया। दयाराम सुबह पतरसा पहुंचे। दोपहर करीब 12 बजे दयाराम ने उन्हें फोन करके बताया कि बउआ बचा लेओ ई लोग आगी लगा दीन हैं। फिर इसी कॉल पर संजीव, पवन और संगीता का नाम बताया।
जब तक छोटा भाई मौके पर पहुंचा, पूरे कमरे में आग लग चुकी थी। किसी तरह से पानी और मौरंग डालकर आग बुझाई। अंदर जाकर देखा तो कमरे से लेकर बाहर तक धुआं ही धुआं भरा था, खिड़की को बोरे से ढका गया था, बोरे सुलग रहे थे।
छोटे भाई की सूचना पर डीसीपी वेस्ट विजय ढुल, एडीसीपी वेस्ट आकाश पटेल, एसीपी पनकी टीबी सिंह, पनकी थाने की पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर भाई की शिकायत पर भवन स्वामी एडवोकेट को गिरफ्तार कर लिया है। डीसीपी वेस्ट ने बताया कि पकड़ा गया व्यक्ति पूछताछ में बार-बार बयान बदल रहा है लिहाजा संदेह हो रहा है पूछताछ की जा रही है।
कहानी : एक
मृतक दयाराम के भाई अनुज की तहरीर के अनुसार भाभी संगीता के ढाबा मालिक पवन से अवैध संबंध थे। इसका विरोध करने पर संगीता ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर दयाराम को वकील संजीव के यहां बुलाया और आग लगाकर मार डाला।
कहानी: दो
शिक्षक दयाराम सोनकर की हत्या के आरोप में गिरफ्तार वकील संजीव कुमार का कहना है कि शिक्षक के उसकी पत्नी से अवैध संबंध थे। इसके चलते उसने रविवार को दयाराम को अपने स्कूल में बुलाकर अकेले ही बंद कमरे में जिंदा जलाकर मार डाला।
फॉरेंसिक जांच में जलने व दम घुटने से मौत की आशंका
वकील अपने घर पर ही बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाता था। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। कमरे में भारी मात्रा में जली हुई रद्दी और लकड़ी मिली। ऐसे में माना जा रहा है कि रद्दी और लकड़ी पर पेट्रोल डालकर आग लगाई गई। कमरे के अंदर से बाहर तक धुआं भर गया। दयाराम 15 से 20 फीसदी झुलसे थे। उनकी दम घुटने से मौत की आशंका है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होगी।
कुछ देर चीखा फिर खामोश हो गया दयाराम
संजीव के जिस प्लॉट में शिक्षक की हत्या हुई, उसमें एक तरफ कमरे बने हुए हैं। दूसरी तरफ करीब चार फीट का रास्ता है, जिससे उन कमरों में जाया जा सकता है। आसपास से निकलने वालों ने पुलिस को बताया कि किसी के चीखने की आवाजें आ रही थीं, जो थोड़ी देर बाद शांत हो गईं। रविवार होने की वजह से स्कूल बंद था। ये भी वजह थी कि लोग अंदाजा नहीं लगा पाए कि चीखें कहां से आ रही थीं।