कानपुर। नगर निगम के अभियंत्रण विभाग में विकास कार्यों की फाइलें लीक होने पर महापौर ने नाराजगी जताई है। मंगलवार दोपहर मोतीझील स्थित नगर निगम मुख्यालय के समिति कक्ष में बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों से ऐसे कर्मचारियों को चिह्नित पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि फाइलों की जानकारी पहले ही सभी को हो जाती है, कहां-कहां से जाती है और कहां बनी या फिर किस विभाग में अटकी, ये सभी जानकारियां कौन उपलब्ध कराता है, चीफ इंजीनियर बताएं। विभागों की पत्रावली ठेकेदार लेकर घूमते रहते हैं। इन पर कार्रवाई करें। अपर नगर आयुक्त मो. आवेश ने जोनल अभियंताओं को निर्देश दिए कि भविष्य में ऐसी शिकायत मिली तो संबंधित जोन के कंप्यूटर ऑपरेटर, बाबू व जोनल अभियंता जिम्मेदार होंगे।
महापौर ने बार-बार डॉट नाला धंसने की समस्या के बारे में जानकारी मांगी तो चीफ इंजीनियर ने बताया कि आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर से बातचीत हुई है, उन्होंने एक सलाहाकार नियुक्त करने का सुझाव दिया है, ताकि कंपनी डॉट नाले का आंतरिक सर्वे कर सके कि कहां क्या स्थिति है। ब्रम्हनगर चौराहे से ईदगाह तक करीब 35 मीटर में महाप्रबंधक जलकल को नई सीवर व वाटर लाइन डालने के लिए कहा गया है। महापौर ने चीफ इंजीनियर से कहा कि जूही डिपो में बड़ा हनुमान मंदिर है, वहां करीब 200 से 300 महात्मा रहते है, वहं नाला ढकने की कार्रवाई कराएं। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अनूप वाजपेयी, उप नगर आयुक्त संतोष यादव, अमित कुमार चतुर्वेदी, आरके तिवारी, राजेश कुमार, मीनाक्षी अग्रवाल, कमलेश पटेल, आरके सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।
महापौर ने चीफ इंजीनियर को निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में 55 करोड़ रुपये पार्षद कोटे के कार्य के लिए निर्धारित किए गए जिसमें 30-30 लाख के कार्य ही हुए हैं। शेष 20-20 लाख के कार्य का प्रस्ताव तैयार कर कार्यकारिणी की बैठक में प्रस्तुत करें। सीएम ग्रिड की सड़कें जहां भी बन रही है, वहां तीन बार पानी का छिड़काव किया जाए।
चीफ इंजीनियर ने बताया कि पहले 464 होलिका दहन स्थल थे, जो अब 652 हो गए हैं। महापौर ने कहा कि होलिका दहन के बाद स्थल से तत्काल मिट्टी हटा दी जाएं। उन्होंने गंगा मेला यात्रा मार्ग की मरम्मत कराने के साथ ही झकरकटी, चुन्नीगंज, फजलगंज, स्टेशन के पास कूलिंग सेंटर, वाटर कूलर लगाने के निर्देश दिए। होली के बाद नाला सफाई का टेंडर भी निकाला जाए, ताकि बारिश से पहले सफाई कार्य पूरा हो सके।