उन्नाव के आसीवन में तीन दिन पूर्व दो बाइकों की भिड़ंत में महिला द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में चौकी बुलाई गई महिला ने दरोगा पर सुलह का दबाव बनाने और अभद्रता करने का आरोप लगाया। सोशल मीडिया पर महिला का वीडियो वायरल होते ही पुलिस के उच्चाधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया।
सीओ बांगरमऊ ने बताया कि महिला तहरीर दे तो विवेचक बदलने पर विचार किया जाएगा। आसीवन थाना क्षेत्र के कस्बा हैदराबाद में 22 सितंबर को अनिल सिंह अपनी पत्नी वंदना को लेकर सीएचसी मियागंज जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बाइक से उसकी बाइक की टक्कर हो गई।
अनिल की पत्नी वंदना ने दूसरे बाइक चालक सुमित के खिलाफ आसीवन थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वंदना का आरोप है कि हैदराबाद चौकी प्रभारी ने उसे चौकी बुलाया और मामले में सुलह का दबाव बनाया। उसके विरोध करने पर अभद्रता करने के साथ किसी मुकदमें फंसा देने की धमकी दी। दरोगा पर आरोप लगाते महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सीओ बांगरमऊ एके राय ने मामले को संज्ञान लेकर बताया कि महिला यदि लिखित प्रार्थना पत्र देती है तो विवेचक को बदलने पर विचार किया जाएगा।
चौकी इंचार्ज पर अभद्रता का आरोप
बीघापुर थानाक्षेत्र के मानपुर सिकंदरपुर करन निवासी अनुज पुत्र सिया बाबू ने लालकुआं चौकी इंचार्ज पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों एक मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की है। अनुज का आरोप है कि वह अपनी दुकान पर बैठे थे तभी लाल कुआंचौकी इंचार्ज सर्वेश कुमार ने अभद्रतापूर्वक व्यवहार किया। प्रभारी निरीक्षक जावेद अख्तर ने बताया कि अनुज के विरुद्ध थाने में मामला पंजीकृत है। उसी संदर्भ में चौकी इंचार्ज सर्वेश कुमार जांच करने गए थे।