लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर बस को किनारे करती क्रेन
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के उन्नाव जिले में दिल्ली से बिहार जा रही वाल्वो बस लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर कंटेनर को ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे के वक्त बस में 21 यात्री सवार थे। यात्रियों में चीख पुकार मच गई। गनीमत रही कि चालक सहित तीन लोग ही घायल हुए।
वाल्वो बस लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस पर गुरुवार सुबह करीब छह बजे औरास थानाक्षेत्र में बगल में आगे चल रहे कंटेनर को ओवरटेक करते समय जमाल नगर गांव के सामने डिवाइडर पर चढ़ गई। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से बच गया।
हादसे में बिहार प्रांत के मोतिहारी निवासी बस चालक राजकिशोर (45) के अलावा चंपारण निवासी परवेज पुत्र शान मोहम्मद व मुजफ्फरपुर निवासी रंजीत पुत्र सुरेश घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को औरास स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। बस चालक राजकिशोर ने बताया कि वह बुधवार रात दिल्ली से सवारियां लेकर लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे के रास्ते बिहार प्रांत जा रहा था। ओवरटेक करते समय कंटेनर चालक ने स्टेयरिंग घुमा दी उसे बचाने के प्रयास में बस डिवाइडर पर चढ़ गई। घायलों को इलाज के बाद स्वास्थ्य केंद्र से छुट्टी कर दी गई।