कानपुर देहात/मुंगीसापुर। डेरापुर थाना क्षेत्र के खिरवां गांव निवासी बालक की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। चचेरी बहन के मुंडन संस्कार में शामिल होकर ट्रैक्टर से लौटते वक्त वह सड़क पर जा गिरा। इस बीच उक्त ट्रैक्टर रौंदते हुए निकल गया। उसकी मौके पर मौत हो गई।
डेरापुर के खिरवां गांव निवासी रजनीश की बेटी सोनाक्षी के मुंडन संस्कार के लिए परिवार के सभी लोग ट्रैक्टर में सवार होकर बलाई बुजुर्ग गांव स्थित एक मंदिर गए थे। मुंडन के बाद वहां से लौटने के दौरान रजनीश का भतीजा विशाल (12) ट्रैक्टर से उछल कर नीचे गिर गया। ट्रैक्टर उसे रौंदते निकल गया। विशाल की मौके पर मौत हो गई।
मृतक के पिता संजय मजदूरी करते हैं। उसकी दो बहनें आरुषि व राखी और एक भाई देव हैं। बेटे की मौत से पिता संजय, मां कल्पना व भाई-बहनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। मुंगीसापुर चौकी इंचार्ज रंजीत कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।