मृतक राज कुशवाहा का फाइल फोटो।
- फोटो : AKBARPUR
मुंगीसापुर (कानपुर देहात)। कानपुर-इटावा हाईवे पर सोमवार की देररात सिकंदरा कस्बे के मदनपुर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से मुंगीसापुर के रहने वाले खलासी की मौत हो गई। कंटेनर चलाने का काम दिलाने वाले युवक से विवाद व पिटाई से बचने को भागने के दौरान घटना का आरोप चालक ने लगाया है। परिजनों ने तहरीर नहीं दी है।
मुंगीसापुर कस्बे का रहने वाला राज कुशवाहा (18) कंटेनर ट्रक में खलासी का काम करता था। चालक थनवापुर के रहने वाले विशाल के साथ भाड़ा लेेने के लिए वह दिल्ली जाने को निकला था। देररात मदनपुर के पास हाईवे पर दुर्घटना में उसकी मौत हो गई। मंगलवार सुबह उसकी शिनाख्त हुई। एकलौते बेटे की मौत पर पिता गोरेलाल व मां सोनी बिलखने लगे तो माहौल गमगीन हो गया। वहीं, विशाल ने मृतक के परिजनों को बताया कि निम्दापुर गांव के एक युवक ने कंटेनर चलाने का काम दिलवाया था। रात में विवाद हो गया तो कई साथियों के साथ आकर मारपीट शुरू कर दी। बचने को खेत की तरफ भाग गया तभी हाईवे के रास्ते पैदल भागा था। बाद में उसका शव मिला। रसधान चौकी प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि किसी ने तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद