लोडर की टक्कर से क्षतिग्रस्त गुमटी।
- फोटो : AKBARPUR
रसूलाबाद (कानपुर देहात)। क्षेत्र के बेला रोड पर मलखानपुर गांव के पास एक लोडर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखी गुमटी में घुस गया। गुमटी में बैठे दो बच्चे व लोडर में बैठे चार लोग घायल हो गए। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
क्षेत्र के पांडेय निवादा निवासी लोडर चालक रवि ने बताया कि गांव के छह मजदूरों को सड़क बनाने के लिए कन्नौज के सौरिख जा रहा था। रसूलाबाद-बेला रोड पर मलखानपुर गांव के पास एक ट्रक ने लोडर में टक्कर मार दी। वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखी गुमटी में जा घुसा। लोडर में बैठे सखरेज के देशराज, कंजती के छोटू, विशाल, बचियापुर के राजूनाथ व गुमटी में बैठे बच्चे जसलीम व सुल्तान गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं गुमटी मालिक शहनूर खान के वहां से भागकर अपनी जान बचाई। जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल ले गए। वहां डॉ. लोकेश शर्मा ने भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया। थाना प्रभारी शशि भूषण मिश्र ने बताया कि मामले में तहरीर नहीं मिली है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।