तमरामऊ में खंभे से लटकता विद्युत तार
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। सट्टी के तमरापुर गांव में जर्जर हाईटेंशन लाइन का तार मंगलवार को टूटकर गिरने से बच्चे समेत छह लोग झुलस गए। पीएचसी से दो लोगों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया है। कई घरों के उपकरण फुंक गए। एक भैंस भी झुलस गई।
तमरापुर की बिजली आपूर्ति जैनपुर सब स्टेशन से जुड़ी है। गांव में ओवर हेड विद्युत लाइन जर्जर हो गई है। कई स्थानों पर तार जोड़कर काम चलाया जा रहा है। मंगलवार को 11 बजे अचानक एचटी तार टूटकर सड़क पर गिर गया। रास्ते से जा रहे रुद्र प्रकाश तिवारी (50), आनंद बाबू राठौर (42), अरुण तिवारी (40), मुन्नू बाबू द्विवेदी (60), उनका पौत्र देवांश सिंह (3) व छोटू (17) तार की चपेट में आकर झुलस गए। मुन्नू बाबू द्विवेदी की भैंस भी झुलस गई। सभी घायलों को पीएचसी राजपुर भेजा गया। वहां से रुद्र प्रकाश तिवारी व आनंद बाबू को जिला अस्पताल भेज दिया गया। गांव के रमाकांत ने बताया कि तार टूटने के दौरान विद्युत लाइन आपस में टकराने से कई घरों के टीवी, पंखे, कूलर व इन्वर्टर फुंक गए। जेई प्रवीण मिश्र ने बताया कि लाइनमैन को भेजकर विद्युत लाइन दुरुस्त कराई जाएगी। एचटी लाइन पुरानी है। गार्डिंग कराई जाएगी।