)म लगाए लोगों को समझाते एसडीएम व पुलिस।
- फोटो : AKBARPUR
शिवली। बाइक से ससुराल जा रहे युवक को सामने से आ रहे लोडर ने टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद लोडर सड़क किनारे खड्ड में जाकर पलट गया। उसमें बैठा एक युवक घायल हो गया। इससे नाराज ग्रामीणों ने मैथा-बैरी रोड पर एक घंटे जाम लगाकर हंगामा किया। अधिकारियों के समझाने पर परिजन शांत हुए। बाइक सवार हेलमेट लगाए था।
नारेपुरवा गांव निवासी विनोद (30) बुधवार को बाइक से एईमा उत्तरीपूरा ससुराल जा रहा था। मैथा-बैरी रोड पर सूरजपुर गांव के समीप बुधवार शाम छह बजे बैरी की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने सामने से टक्कर मार दी और खड्ड में जाकर पलट गया। हादसे में विनोद की मौके पर ही मौत हो गई। वह घरों में पुताई का काम करता था। पांच वर्ष पूर्व शादी हुई थी। हादसे की खबर पाकर परिजन मौके पर पहुंचे। पिता रामऔतार, मां फूलमती, पत्नी प्रियंका का रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतक के दो बच्चे हैं। लोडर पलटने से बैरी गांव निवासी राजा भी घायल हो गया। हादसे से गुस्साए परिजनों ने जाम लगा दिया। सूचना पर शिवली कोतवाली, मैथा चौकी, भाऊपुर, बाघपुर व औनाहा चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीएम रामशिरोमणि व थाना प्रभारी वीरपाल सिंह ने ग्रामीणों को मदद का आश्वासन देकर समझाया। इस पर परिजन शांत हुए और एक घंटे बाद जाम खुल सका। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।