पुखरायां। परिजनों ने ब्रजेश का अपहरण कर हत्या की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रौद्योगिकी विकास राज्यमंत्री अजीत पाल को इस बारे में मांग पत्र दिया है।
चौरा गांव निवासी ब्रजेश पाल का अपहरण 16 जुलाई की रात धर्मकांटा से हो गया था। इसके बाद 20 लाख की फिरौती मांगी गई। 28 जुलाई को देवराहट थाना क्षेत्र के कान्हाखेड़ा गांव निवासी सुबोध सचान को गिरफ्तार कर ब्रजेश का शव कान्हाखेड़ा गांव के पास खेतों के बीच बने पुराने कुआं से बरामद किया गया था। ब्रजेश के पिता शिवनाथ और भाई राजेश एक ही व्यक्ति द्वारा अपहरण और हत्या की बात पर सहमत नहीं हैं। उनका कहना है कि एक व्यक्ति शव को खेतों के बीच से घसीट कर कुएं तक नहीं ले जा सकता है।
इसलिए पुलिस की जांच पर विश्वास नहीं हो रहा है। कानपुर के संजीत की तरह उनके बेटे की हत्या की जांच सीबीआई से कराई जाए। भाई राजेश ने बताया कि सीबीआई जांच के लिए राज्य मंत्री अजीत पाल सिंह को पत्र देकर मुख्यमंत्री तक फरियाद पहुंचाने की गुहार लगाई है। राज्य मंत्री अजीत पाल सिंह ने सहयोग का पूरा भरोसा दिया है।