कानपुर देहात। मंगलपुर थाना क्षेत्र के बहबलपुर निवासी होटल संचालक की मौत पर पुलिस ने भाई की तहरीर पर छह नामजद लोगों पर विश्वासघात, आत्महत्या दुष्प्रेरण की रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस को तहरीर देते हुए बहबलपुर निवासी महेंद्र सिंह ने बताया कि भाई बृजेंद्र कुमार उर्फ भाटी (26) दिबियापुर जिला औरैया में होटल किराये पर लेकर पार्टनर संदीप यादव उर्फ लल्ला निवासी दिबियापुर के साथ संचालित कर रहे थे। भाई ने उसे बताया था कि करीब पांच माह पूर्व मानक पूरे न होने पर होटल को सीज कर दिया था। जब भाई पुलिस बल के साथ होटल का ताला खुलवाने गए तो होटल के मालिक के प्रतिनिधि अजीत सिंह निवासी दिबियापुर व उमाशंकर प्रधान निवासी कन्हो, शिवा सक्सेना निवासी रामकुंज दिबियापुर भी मौजूद थे। होटल का ताला पहले से खुला हुआ देखकर बृजेंद्र ने विरोध किया तो उक्त सभी लोगों ने मुंह बंद रखने को कहा।
महेंद्र ने बताया कि होटल को देखने का पूरा काम अजीत सिंह, उमाशंकर प्रधान के पास रहता था। इन्हीं से भाई बृजेंद ने होटल किराए पर लिया था, लेकिन उक्त लोगों ने उसके भाई का नगद डेढ़ लाख रुपये व बैग में रखी करीब 570000 रुपये की ज्वेलरी गायब कर दी। इसकी जानकारी करने पर भाई को धमकाया। आरोप लगाया कि पुलिस के जाने के बाद उक्त लोगों ने बृजेंद्र के साथ मारपीट की और उसे भगा दिया। महेंद्र का आरोप है कि भाई को संदीप यादव उर्फ लल्ला, अजीत सिंह, शिवा सक्सेना, उमाशंकर प्रधान, संजय और गौरव निवासी दिबियापुर औरैया 23 दिसंबर से लगातार धमकी दे रहे थे। उक्त लोगों ने भाई को साजिशन फंसाने की धमकी दी थी। इसी बात से भाई गुमसुम था।
भाई ने पूछने पर बताया था कि ये लोग झूठा फंसा कर मेरा पैसा व ज्वैलरी हड़पना चाहते हैं। 26 दिसंबर को वह घर आने के बाद से लापता हो गया। जिसकी शिकायत 28 दिसंबर को थाना मंगलपुर में की थी। बता दें कि बृजेंद्र का शव मंगलवार को गांव से सात सौ मीटर दूर सेंगुर नदी किनारे मिला था। जानकारी पर पहुंचे भाई महेंद्र व अन्य परिवार के सदस्यों ने हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया था। थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर संदीप यादव उर्फ लल्ला, अजीत सिंह, शिवा सक्सेना, उमाशंकर प्रधान, संजय, गौरव के खिलाफ आत्महत्या दुष्प्रेरण, विश्वासघात की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर मामले में कार्रवाई की जाएगी।