कानपुर में महिला उद्यमी आरती शर्मा हत्याकांड में पुलिस पांच दिन बाद भी शूटरों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस शूटरों के झांसे में आ गई। शूटर आसानी से फरार हो गए। अब उनकी नई लोकेशन तक पुलिस के पास नहीं है।
टीम प्रतापगढ़ व उसके आसपास ही खाक छान रही है। बिधनू-किसान नगर मार्ग पर करसुई पुल के पास 18 मई की शाम को आरती शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि आरती के पति श्याम शरण ने दो शूटरों शाहरुख और रिंकू उर्फ भोलू को सुपारी देकर हत्या कराई थी।
सुपारी 3 लाख 20 हजार रुपये में दी थी, जिसमें एक लाख 40 हजार रुपये शूटरों को दिए जा चुके हैं। तब से पुलिस शूटरों की तलाश कर रही है। शूटरों की आखिरी लोकेशन प्रतापगढ़ में ट्रेस हुई थी। जब पुलिस वहां पहुंची तो शूटर नहीं मिले।
अब पूछताछ में श्याम शरण ने बताया कि साजिश के तहत शूटरों ने खेल किया है। पहले से तय किया गया था कि वारदात को अंजाम देने के बाद वो प्रतापगढ़ जाएंगे। यहां पर वो कुछ देर के लिए मोबाइल ऑन करेंगे और फिर बंद कर देंगे।