औरैया जिले में शनिवार रात फफूंद कस्बे में चल रहे रामलीला महोत्सव में एक युवक मंच पर चढ़कर तमंचा दिखाकर डांसर कलाकार से अश्लील हरकत करता नजर आया। जिसके बाद महोत्सव का माहौल बिगड़ गया। कमेटी के लोगों ने युवक को पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। इसपर वहां मौजूद एक सिपाही ने युवक को भीड़ से छुड़ाकर मौके से भगा दिया। इससे मौके पर भगदड़ मच गई।
सिपाही पर आरोपी को गिरफ्तार करने के बजाए भगाने का आरोप लगाते हुए कमेटी के लोग एसपी को मौके पर बुलाने की मांग कर धरने पर बैठ गए। जानकारी मिलते ही भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। कमेटी के लोगों ने सिपाही व आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।