महोबा जिले में झांसी-मानिकपुर रेलवे ट्रैक पर महाकौशल एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। बोगी में सवार यात्रियों ने टीटी व जीआरपी सिपाही पर धक्का देने का आरोप लगाया। इस दौरान ट्रेन रुकने पर यात्रियों ने स्टेशन पर जमकर हंगामा करते हुए सिपाही से धक्का-मुक्की हुई। पुलिस प्रशासन मामले की जांच की बात कह रहा है।
महोबा के घुटई व बेलाताल स्टेशन के बीच एक युवक सामान्य टिकट पर स्लीपर कोच में यात्रा कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टिकट चेकिंग के दौरान टीटी और जीआरपी सिपाही से विवाद हो गया। हाथापाई के दौरान धक्का देने से युवक चलती ट्रेन से गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद यात्रियों ने हंगामा करते हुए सिपाही को पकड़ लिया और धक्का-मुक्की की।