कानपुर। उस्मानपुर इलाके में सोमवार सुबह शिव मंदिर की छत की सफाई के दौरान सफाईकर्मी देशराज पास से गुजरी हाईटेंशन लाइन (एचटी) की चपेट में आ गया। माैके पर ही उसकी मौत हो गई। उसे बचाने छत पर चढ़े दो अन्य लोग भी झुलस गए। पुलिस ने आपूर्ति बंद कराकर घायलों को अस्पताल और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
हनुमंत विहार इलाके के उस्मानपुर नटवन टोला निवासी देशराज (45) चट्टा संचालक भगवानदीन के यहां सफाईकर्मी था। पत्नी रीता का आरोप है कि चट्टा संचालक ने देशराज को शंकर सुमन मंदिर की छत पर जमा बारिश का पानी साफ करने चढ़ाया था। मंदिर पर चढ़ते समय वह एचटी लाइन की चपेट में आकर छत पर गिर गया।
भगवानदीन ने दूसरे कर्मचारी टोनी को उसे बचाने भेजा तो वह भी करंट की चपेट में आ गया। बाद में बिजली मिस्त्री कमलेश को छत पर चढ़ाया गया लेकिन वह भी करंट की चपेट में आकर झुलस गया। इस पर पुलिस को सूचना दी गई। माैके पर पहुंची पुलिस ने सप्लाई बंद कराई और दोनों घायलों को अस्पताल भेजा। हनुमंत विहार थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।