जसवंतनगर। चेकिंग अभियान के दौरान थाना पुलिस की एक अपराधी से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया जबकि उसका एक साथ भागने में सफल रहा। गिरफ्तार युवक के खिलाफ आगरा जिले के फतेहाबाद थाना में लूट और चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
प्रभारी निरीक्षक रामसहाय सिंह ने बताया कि गुरुवार का सुबह चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रुकने के बजाय भागने लगे। पुलिस ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक युवक को दबोच लिया, जबकि उसका एक अन्य साथी भागने में सफल रहा।
पकड़े गए आरोपी की पहचान राम नरेश उर्फ गड्डू (24), निवासी कोटेर का पुरा, थाना निवोहरा, जिला आगरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। (संवाद)