रसूलाबाद। ककवन नहर स्थित सीएचसी के सामने शुक्रवार रात सड़क किनारे चालू हालत में खड़ी ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली आगे बढ़ने लगी। इस पर पास मौजूद चालक ने ट्रैक्टर रोकने का प्रयास किया तब तक ट्रैक्टर-ट्रॉली खड्ड में पलट गई। ट्रैक्टर के नीचे दब जाने से चालक की मौत हो गई।
चौबेपुर असालतगंज निवासी अमित कुमार पुत्र रामबाबू तिवारी शुक्रवार रात को ईंट-भट्ठे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में ईंटें लादकर बिल्हौर से रसूलाबाद की ओर आ रहे थे। ककवन नहर के पास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने उन्होंने ट्रैक्टर को चालू हालत में सड़क किनारे खड़ा कर दिया और पास की दुकान पर मसाला खरीदने चले गए। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर आगे बढ़ने लगा। यह देख अमित उसे रोकने और नियंत्रित करने के लिए दौड़े लेकिन सफल नहीं हो सके।
ट्रैक्टर-ट्रॉली खड्ड में पलट जाने से वह ट्रैक्टर के नीचे दब गए। पास मौजूद लोगों ने उनको ट्रैक्टर के नीचे से निकाल कर सीएचसी रसूलाबाद पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए हैलट रेफर कर दिया। हैलट पहुंचने पर डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। अनहोनी पर पत्नी अंकिता, बेटा यश, पारस और परिजन रोने लगे। थानाध्यक्ष एसएन सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।