कानपुर देहात। झींझक विद्युत वितरण खंड में करीब 32 लाख की वित्तीय गड़बड़ी में जांच बैठ गई है। पांच सदस्यीय विशेष ऑडिट टीम कैश बुक खंगालेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
झींझक विद्युत वितरण खंड का कार्यालय रसूलाबाद में है। यह खंड कार्यालय यहां 2017 से संचालित हैं। पूर्व में कैश बुक मिलान में अनियमितता सामने आई थी। वहीं, झींझक उपकेंद्र के कैश काउंटर पर तैनात तत्कालीन टीजीटू विजय कमल करीब 4.94 लाख रुपये लेकर फरार हो गया था। इसकी प्राथमिकी भी तत्कालीन एसडीओ ने दर्ज कराई थी। इसके बाद आरोपी टीजीटू वापस नहीं लौटा। खंड में करीब 32 लाख रुपये की गड़बड़ी का मामला है।
कैशबुक में वित्तीय गड़बड़ियों को लेकर जांच बैठाई गई है। इसमें अक्तूबर 2017 से मार्च 2024 तक की अवधि के दौरान वित्तीय और राजस्व से जुड़ी गड़बड़ियों की समीक्षा की जाएगी। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के लेखाधिकारी सतपाल सिंह को दल प्रमुख बनाया गया है। जबकि लेखाकार अरुण चौधरी, रामजनम, सहायक लेखाकार मनीष साहू और प्रशांत सोनकर दल सदस्य होंगे। संपूर्ण विशेष संप्रेक्षा कार्य का पर्यवेक्षण उपमहाप्रबंधक संजीव कुमार वर्मा करेंगे।निदेशक वित्त पलाश गंगोपाध्याय ने जांच दल का गठन किया है।
उन्होंने गठित दल को विशेष संप्रेक्षा (स्पेशल ऑडिट) का कार्य शीघ्र पूर्ण कर रिपोर्ट मुख्य कार्यालय को उपलब्ध कराने और जांच दल को अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश अधिशासी अभियंता (झींझक) को दिए गए हैं। अधीक्षण अभियंता मनीष कुमार गुप्ता ने बताया कि झींझक खंड में कैशबुक गड़बड़ी का विशेष दल जांच करेगा। निगम का राजस्व लेकर फरार टीजीटू विजय कमल को निलंबित कर आरोप पत्र दिया गया है। अब उसकी सेवा समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।