पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी जितेंद्र सिंह परिहार को गिरफ्तार कर लिया है। अपराधी को माधौगढ़ पुलिस स्वाट टीम और सर्विलांस टीम ने महाराजपुरा के पास हुई एक मुठभेड़ में घायल करने के बाद गिरफ्तार किया है। बदमाश जितेंद्र जगम्मनपुर थाना रामपुरा जिला जालौन का रहने वाला है।
जितेंद्र बेहद शातिर और चालाक बदमाश है। वह कभी एसओजी प्रभारी तो कभी दरोगा बनकर लोगों को ठगने, लूटने का काम करता था। कई बार जालौन पुलिस ने इसे पकड़ने के बाद जेल भेजने का काम किया लेकिन यह हर बार जमानत पर छूट जाता था। इसके बाद वह फिर अपराध करने लगता था।
जितेंद्र ने बीती एक अगस्त को भी शहर के ऑफिसर कॉलोनी में एक महिला के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया था। डीआइजी झांसी सुभाष सिंह बघेल ने इसके ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ. सतीश कुमार ने जितेंद्र परिहार की गिरफ्तारी के लिए स्वाट टीम को लगा रखा था।
मंगलवार को पुलिस को यह जानकारी मिली थी कि अपराधी माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के महाराजपुरा पुल के पास किसी घटना को अंजाम देने के इरादे से घूम रहा है। इस सूचना पर माधौगढ़ कोतवाल जे पी पाल स्वाट टीम प्रभारी सुदीप कुमार, सर्विलांस टीम के इंस्पेक्टर शैलेन्द्र सिंह ने सिपाही गौरव बाजपेई, राजीव यादव, रवि भदौरिया, रवि कुमार, शैलेन्द्र सिंह चौहान, कर्मवीर सिंह सतेंद्र सिंह, मनोज कुमार, विजेंदर सिंह, ललित कुमार, कांस्टेबल/चालक प्रदीप कुमार व अजय प्रताप की सहायता से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी सुबह तीन बजकर 45 मिनट पर की गई। पकड़े गए बदमाश के खिलाफ लूट, चोरी, धोखाधड़ी, जानलेवा हमले, रंगदारी मांगने, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर, एन डी पी एस एक्ट के कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं। बदमाश की गिरफ्तारी से खुश एसपी डॉ. सतीश कुमार ने पुलिस टीम को 50 हजार के अलावा 20 हजार रुपये के अतिरिक्त पुरस्कार देने की बात कही है।
उन्होंने बताया कि जालौन पुलिस के लिए यह अच्छी कामयाबी है वह पूरी टीम और अपर पुलिस अधीक्षक को बधाई देते हैं जिनके मार्गदर्शन में यह सफलता प्राप्त हुई है। उरई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिव गोपाल सिंह ने पूरी टीम का माला पहनाकर स्वागत किया तथा 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार भी दिया।