रनियां। कानपुर-इटावा हाईवे पर रनियां थाने के पास शनिवार दोपहर एक बजे के करीब तेज रफ्तार डंपर ओवरटेक करते समय रोडवेज बस से टकरा गया। हादसे में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि उसमे सवार लोग बाल बल बच गए। पुलिस ने सवारियों को अन्य वाहन से गंंतव्य को भेजा।
प्रयागराज निवासी चालक नीरज तिवारी ने बताया कि वह रोडवेज बस को लेकर आगरा से प्रयागराज जा रहे थे। बस में परिचालक सहित करीब 18 सवारियां बैठी थीं। शनिवार दोपहर एक बजे के करीब रनियां थाने के सामने पहुंचने पर पीछे से आ रहे एक डंपर ने बस के बगल से तेज रफ्तार में ओवरटेक किया। इससे बस का अगला हिस्सा डंपर से टकरा कर क्षतिग्रस्त हो गया। बस के शीशे टूट गए। टक्कर लगते ही सवारियों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि कोई सवारी घायल नहीं हुई। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने बस की सवारियों को दूसरी बस से कानपुर भिजवाया।
वहीं, दूसरी घटना थाने के दूसरी साइड में हुई। रायबरेली के बछरावां निवासी शुभम द्विवेदी पत्नी सोनम द्विवेदी और बेटे के साथ कार से अकबरपुर स्थित मेडिकल कॉलेज जा रहे थे। रनियां थाने के सामने आगे चल रहे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे चल रही कार अनियंत्रित होकर ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर लगते ही कार में सवार दंपती और उनका बेटा सहम गए। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कार सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार गौतम ने बताया कि दोनों घटनाओं में सभी सवारियां सुरक्षित हैं। दोनों वाहनों को पकड़ लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।