यूपी के कानपुर शहर के कई व्यापारियों से करीब ढाई करोड़ की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सोमवार को एसएसपी दफ्तर पहुंचकर सातों व्यापारियों ने घटना की जानकारी दी। इस पर एसएसपी ने स्वरूप नगर पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं।
डेमो पिक
व्यापारी मनोज मल्होत्रा, राजीव मिश्रा, अनीश अख्तर लारी, मोहम्मद नौशाद, मनोज सिंह राठौर और रामदत्त मिश्रा जूते के अपर, केमिकल और मशीनरी का कारोबार करते हैं। व्यापारियों ने एसएसपी को बताया कि स्वरूप नगर निवासी शू फैक्ट्री मालिक ने पत्नी, बेटा, बहू और दोस्त के साथ गैंग बनाकर उन लोगों के संग ठगी की है। इन लोगों ने शू बनाने का माल और कारोबार के लिए रुपये उधार मांगे थे। इस पर बैंक से आरटीजीएस के जरिए आरोपियों के बैंक खाते में रुपये ट्रांसफर किया। व्यापारियों के मुताबिक तगादा करने पर आरोपियों ने चेक थमा दी। बैंक में चेक लगाई तो वह बाउंस हो गईं। इसके बाद से बकाया मांगने पर आरोपी जान से मरवाने की धमकी दे रहे हैं।
डेमो पिक
आरोपियों के खिलाफ स्वरूप नगर थाने में पहले से धोखाधड़ी के दो मामले दर्ज हैं। चेक बाउंस के कई मामले कोर्ट में चल रहे हैं। इसी साल मार्च में स्वरूप नगर पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा भी था। एसएसपी ने व्यापारियों को मामले की जांच कराकर कार्रवाई कराने का भरोसा दिया है। शाम को एडीजी अविनाश चंद्र से भी मिलकर व्यापारियों ने घटना की जानकारी दी।