कानपुर देहात। जनपद में ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए 5 से 20 अगस्त तक परिवार संतृप्तीकरण अभियान चलाया जाएगा। इसमें जीरो पावर्टी, पात्र गृहस्थी, खाद्य सुरक्षा (राशन कार्डधारक), प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना, विधवा पेंशन और जल जीवन मिशन के लाभार्थी परिवारों की पात्र महिलाओं को समूह से जोड़ा जाएगा।
जनपद में अब तक 9,718 समूहों का गठन कर 1,08,791 महिलाओं को जोड़ा जा चुका है जबकि शासन ने करीब तीन लाख महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य तय किया है। इससे उन्हें वित्तीय सेवाओं, प्रशिक्षण, आजीविका संवर्धन, बैंकिंग सुविधाओं और सामाजिक सशक्तीकरण का सीधा लाभ मिलेगा। जिला मिशन प्रबंधक मोहम्मद तौकीर ने बताया कि इस दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर जागरूकता रैलियां, गोष्ठियां और सोशल मीडिया अभियान आयोजित किए जाएंगे।
स्वास्थ्य सखी, आजीविका सखी और ग्राम संगठन की समितियां कोटेदार से समन्वय कर पात्र परिवारों से सहमति प्राप्त करेंगी जबकि समूह सखी नए व पुराने छूटे हुए परिवारों का ब्योरा सखी एप पर दर्ज करने का कार्य करेंगी और तकनीकी समस्याओं को दूर करने की जिम्मेदारी एमआईएस टीम को सौंपी गई है। इसके अलावा हर दिन गठित होने वाले नए समूहों और पुराने छूटे समूहों के बचत खाते खुलवाने के लिए बैंक सखी को लक्ष्य दिया गया है। साथ ही पात्र समूहों, ग्राम संगठनों व सीएलएफ को स्टार्टअप फंड निर्गत कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
...............
बयान......
अभियान को समय से पूरा करने के लिए खंड विकास अधिकारी ब्लॉक स्तर पर प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करेंगे। प्रत्येक सात दिवस की प्रगति रिपोर्ट जिलाधिकारी और मिशन मुख्यालय भेजी जाएगी। मुख्यालय से नामित प्रोफेशनल्स प्रतिदिन प्रगति की जांच करेंगे और आवश्यकतानुसार जनपद का भ्रमण कर नोडल अधिकारी को रिपोर्ट सौंपेंगे। इसका उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को समूह में शामिल कर आत्मनिर्भर बनाना है। - अशोक कुमार, उपायुक्त, एनआरएलएम