कानपुर देहात। सावन में पहले सोमवार को हुई बारिश के बाद किसानों में खुशी है। सोमवार को कुल 25.33 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। नगरीय क्षेत्र में बारिश ने नगरीय क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल गई। कई जगह जलभराव से आवाजाही में परेशानी हुई।
मौसम वैज्ञानिक ने सोमवार को बारिश की संभावना जताई थी। दिन में तो बदली के बीच धूप रही लेकिन रात में करीब 8:30 बजे कई जगह हल्की बारिश हुई। इसके बाद देर रात झमाझम बारिश हुई। मंगलवार को दिन भी कई बार रुक-रुककर बारिश हुई। अकबरपुर तहसील क्षेत्र में सबसे अधिक 60 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। भोगनीपुर तहसील क्षेत्र में 34 मिमी और मैथा तहसील में 25 मिमी बारिश हुई।
रसूलाबाद तहसील में 15 मिमी, सिकंदरा तहसील में 12 मिमी और सबसे कम डेरापुर तहसील में छह मिमी बारिश हुई। जिले में 25.33 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई। तेज बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए। धान की फसल बिना बारिश से मुरझा रही थी। बारिश से धान की फसल को संजीवनी मिल गई। वहीं अब किसान फसल में खाद, खरपतवार नाशक दवा आदि का छिड़काव कर सकेंगे।
सरवनखेड़ा के सैथा, लोहारी, सेरुवा, मुर्रा, हिलौथी, मंगटा, रौगांव, रघुनाथपुर, कटेठी, कौसम, दिलावलपुर आदि गांवों में किसानों की सिंचाई लागत बच गई। सैंथा निवासी रज्जन मिश्रा ने बताया कि बारिश से खरीफ की फसलों को संजीवनी मिल गई है। रनियां के सुखवीर ने कहा कि धान की फसल के मुफीद बारिश हुई है। हालांकि चरी आदि की फसल में पानी भरने से नुकसान है। सुजौर निवासी सुरेंद्र शुक्ला, रणधीर सिंह, विपिन सचान आदि ने बताया कि ज्वार, बाजरा व धान की फसल के लिए बारिश अच्छी है जबकि खेत में पानी भरने से तिल की फसल में नुकसान है। कुछ जगह तिल की फसल से किसान पानी निकालते रहे।
.................
बयान.......
उफनाए नाले, जलभराव ने बढ़ाई मुसीबत
सोमवार रात से लेकर मंगलवार शाम तक रुक-रुककर हुई बारिश ने अकबरपुर नगर समेत अन्य निकायों में जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। मानसून से पहले जिन नालों को साफ कराने का दावा किया गया वह उफना गए। स्थिति यह रही कि जगह-जगह जलभराव हो गया। अकबरपुर तहसील में नायब तहसीलदार आवास परिसर जलमग्न हो गया। जबकि अधिवक्ता समिति हॉल परिसर में भी पानी भर गया। वहीं, ओवरब्रिज से लेकर कानपुर जाने वाली हाईवे की सर्विस लेन पर रात में पानी भरा रहा। गांधीपार्क के पास भी जलभराव रहा। मेडिकल कॉलेज परिसर में ट्रामा सेंटर के पास पानी भर गया। इससे मरीजों को आवाजाही में परेशानी हुई। इसी प्रकार मोहम्मद और गदनपुर में रास्ते पर जलभराव हो गया। नबीपुर में रठगांव मोड़ पर जलभराव से वाहन सवार परेशान रहे। रूरा में गांधीनगर, बाजार व शास्त्री नगर में जलभराव से आवाजाही में परेशानी हुई। रनियां में नगर पंचायत कार्यालय से बाजार जाने वाली गली में जलभराव हो गया।
.......................
आगामी पांच दिन हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
सीएसए के कृषि मौसम तकनीकी अधिकारी डॉ. अजय मिश्र ने बताया कि आगामी पांच दिनों में मध्यम से घने बादल छाए रहने के कारण स्थानीय स्तर पर गरज चमक व तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।