कानपुर। शुक्रवार रात गोली मारकर ज्वैलर से लूट के विरोध में लालबंगला सर्राफा बाजार शनिवार को बंद रहा। व्यापारियों ने ऐलान किया अगर पुलिस अगले 24 घंटे में लूटकांड का खुलासा नहीं करती तो सोमवार को पूरा लालबंगला बाजार बंद किया जाएगा। उत्तर प्रदेश सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी लालबंगला सर्राफा कमेटी के साथ पुलिस अधिकारियों से इस संबंध में बात की। कानपुर उद्योग व्यापार मंडल ने भी हर संभव सहयोग की घोषणा की।
एन-टू रोड फूलवाली गली निवासी राजकिशोर वर्मा की लाल बंगला विश्वंभर नाथ मार्केट में ज्वैलरी की दुकान और शोरूम है। शुक्रवार रात लगभग साढ़े आठ बजे वह दुकान बंद करके बेटे मनीष के साथ घर लौट रहे थे। उनके पास बैग में 50 हजार रुपए और चार लाख के जेवर थे। घर के पास संकरी गली में पैदल आए दो बदमाशों ने गोली चलाकर बैग लूट लिया था। इसके विरोध में लालबंगला क्षेत्र की सभी सर्राफा दुकानें बंद रहीं। लालबंगला सर्राफा कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने कहा पुलिस ने 24 घंटे का समय और मांगा है। अगर पुलिस खुलासा नहीं करती तो सर्राफा कमेटी के साथ ही लालबंगला बाजार बंदी की अपील की जाएगी। लालबंगला व्यापार मंडल के संरक्षक और कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के संगठन मंत्री चिमन लाल सेठी ने कहा कि सर्राफा कमेटी को हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष महेश जैन, महामंत्री रामकिशोर मिश्रा, रामनाथ महेंद्र, महेश परसवानी आदि ने भी पीड़ित ज्वैलर का हाल-चाल लिया। लूटकांड के खुलासे के लिए सीओ कैंट से वार्ता की। श्री मिश्रा के अनुसार सीओ ने 24 घंटे का समय और मांगा है। कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष मणिकांत जैन ने कहा कि घटना से शहर के सभी व्यापारियों में रोष है। पुलिस ठोस कार्रवाई नहीं करती तो आला अधिकारियों पर दबाव बनाने के लिए धरना-प्रदर्शन और बाजार बंदी की जाएगी।