कानपुर। चेक संबंधी फ्रॉड के लगातार सामने आते मामलों को देखते हुए रिजर्व बैंक ने दो लाख से ऊपर की चेक को हर हाल में अल्ट्रावॉयलेट लैंप से पास कराने और पांच लाख से अधिक मूल्य की चेक को बहुस्तरीय जांच प्रक्रिया से गुजारने के बाद ही पास करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके अलावा नए खातों में बड़े लेनदेन की निगरानी करने को भी कहा गया है। आरबीआई ने धोखाधड़ी की घटनाओं का हवाला देते हुए सीटीएस-2010 मानकों का शत प्रतिशत पालने करने के निर्देश भी बैंकों को दिए हैं।
आरबीआई के चीफ जनरल मैनेजर मनोज शर्मा ने विभिन्न बैंकों के आला अधिकारियों को जारी पत्र में चेक पास करने के आंतरिक तंत्र को बेहतर करने के निर्देश दिए हैं। बैंकों की सर्विस ब्रांच (जहां सभी शाखाओं से चेक एकत्र करके संबंधित बैंकों को भेजी जाती है) में इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने को कहा है। जिस खाताधारक के खाते में चेक कैश हो रहा है उसके खाते के केवाईसी नॉम्स की जांच के अलावा नए खातों में अचानक तेजी से धन जमा होने या निकासी की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। ताजा निर्देशों में बड़ी राशि के चेक को कैश करने से पूर्व संबंधित खाताधारक को एक मैसेज अवश्य भेजने को भी कहा गया है। यदि ग्राहक से संपर्क संभव नहीं है तो संबंधित शाखा से सूचना प्राप्त की जाए। उन्होंने खाताधारकों का नाम, खाता संख्या, हस्ताक्षर का नमूना और चेक के सीरियल नंबर आदि गोपनीयता को किसी भी सूरत में भंग न किए जाने को भी निर्देशित किया है। वहीं बैंकों में रखे चेक ड्रॉप बॉक्स से चेक निकालने में भी सक्रियता को लेकर आगाह किया है।
सीटीएस-2010 मानक लागू होने के बाद एक हद तक चेक से संबंधित फ्रॉड में कमी आई है। आरबीआई के पांच लाख और दो लाख रुपए से अधिक की राशि से संबंधित हालिया निर्देशों के बाद फ्रॉड की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकेगा।
एडवोकेट हेमंत गुप्ता, बैंकिंग सलाहकार