कानपुर। आईपीएस आशुतोष पांडेय अब नए आईजी जोन और आईपीएस के.एस इमैनुअल महानगर के नए एसएसपी होंगे। शासन ने शनिवार को आईजी सुनील कुमार गुप्ता और एसएसपी अजय कुमार मिश्र का तबादला कर दिया। दोनों अफसरों के तबादले को रूटीन माना जा रहा है।
आईपीएस आशुतोष पांडेय इन दिनों आगरा जोन में तैनात थे। यह मूलरूप से बिहार के रहने वाले और 1992 बैच के अफसर हैं। वहीं आईपीएस के.एस. इमैनुअल मूलरूप से हैदराबाद के निवासी हैं और 2003 बैच के अफसर हैं। यह केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर चार साल से बाहर थे। वापस आने पर शासन ने इन्हें प्रतीक्षारत रखा था। अब तक यहां आईजी जोन रहे सुनील कुमार गुप्ता का तबादला इलाहाबाद जोन में हुआ है। यह पांच अगस्त 2012 को डीआईजी पद पर यहां आए थे। इसके बाद यहीं से प्रोन्नत कर आठ फरवरी 2013 को इन्हें कानपुर का आईजी जोन बना दिया गया था। इनके तबादले के पीछे माना जा रहा है कि अधिक समय से कानपुर में ही तैनात थे।
वहीं एसएसपी पद पर रहे आईपीएस अजय कुमार मिश्र की तैनाती कानपुर में निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव में की थी। इन्होंने 10 मार्च 2014 को कामकाज संभाला था। आमतौर पर चुनाव खत्म होने के बाद आयोग की तैनाती वाले अफसरों का हटना तय माना जाता है। वैसे अपने कार्यकाल में आईपीएस अजय कुमार मिश्र सपा विधायक मुनींद्र शुक्ला का दो बार हूटर उतरवाने, भाजपा विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया और चुनाव के दौरान पूर्व कांग्रेसी सांसद एवं प्रत्याशी राजाराम पाल का हूटर उतरवाने की वजह से चर्चा में रहे। सपा के कई नेता और पदाधिकारी अपनी सुनवाई न होने की वजह से परेशानी महसूस कर रहे थे। तबादले में इन बिंदुओं की भी भूमिका मानी जा रही है।