फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरसे फूल-बंटी मिठाई, देखो रैली आई

Sat, 17 Aug 2013 05:35 AM IST
Kanpur
विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर। स्वतंत्रता दिवस पर ‘अमर उजाला’ की प्रस्तुति ‘मां तुझे प्रणाम’ रैली ने शहर में देशभक्ति की ऐसी अलख जगाई कि सुबह से शाम तक चारों ओर वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे गूंजते रहे। शहर ने रैली को हाथों-हाथ लिया। क्या छोटे, क्या बड़े, क्या महिलाएं, क्या बुजुर्ग, सबकी जुबां पर था ‘मां तुझे प्रणाम’। हर गली-चौराहे, नुक्कड़ पर रैली का स्वागत करने वालों का जोश देखने काबिल था। आलम यह था कि मोतीझील से सुबह 10 बजे शुरू हुई रैली पूरे शहर में घूमती हुई जब ‘अमर उजाला’ कार्यालय लौटी तो शाम के छह बज चुके थे। शहर में 50 से अधिक जगहों पर लोगों ने फूल बरसा कर और मिठाई बांट कर रैली का स्वागत किया। रैली में कई स्कूलों और संस्थाओं की झांकियों, विन्टेज कारों, बाइकर्स ग्रुप और सजी-धजी बग्घियों ने चार चांद लगाए। रैली को ब्रिगेडियर केबी यादवा ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इससे पहले मोतीझील परिसर में सामूहिक राष्ट्रगान हुआ और केंद्रीय कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने राष्ट्रध्वज फहरा कर ‘मां तुझे प्रणाम’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
विज्ञापन

‘मां तुझे प्रणाम’ रैली का शहर में यह 10वां आयोजन भी ऐतिहासिक रहा। मोतीझील परिसर में सुबह आठ बजे से ही आमजन इकट्ठा होने लगे थे। देश के वीर सपूतों-महापुरुषों का वेश धरे छोटे-छोटे बच्चे हर किसी के चेहरे पर मुस्कुराहट ला दे रहे थे। कोई कमर में रिवाल्वर खोंसे शहीद चंद्रशेखर आजाद बना था तो कोई तलवार लिए झांसी की रानी। कोई बापू तो कोई सुभाष। सिख दशमेश दल के सदस्यों ने आकर्षक गतका प्रदर्शन किया जिसे देखकर लोग वाह-वाह कर उठे। फिर 10 बजे झंडारोहण और सामूहिक राष्ट्रगान हुआ। अनवरी बहनों नेवंदेमातरम् प्रस्तुत किया। इसके बाद ब्रिगेडियर केबी यादवा ने हरी झंडी दिखा कर रैली को रवाना किया। ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से आकाश गूंज उठा। रैली जैसे ही समारोह स्थल से आगे बढ़ी, व्यापारी नेताओं ने आतिशबाजी कर रैली को सलामी दी और भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ा कर ‘मां तुझे प्रणाम’ का उद्घोष गुंजा दिया। रैली मोतीझील से स्वरूप नगर की ओर बढ़ी। चौराहे पर जन सैलाब उमड़ पड़ा। स्वतंत्रता दिवस पर ऑफिसों और कार्यालयों में आयोजन कर रहे लोग बाहर निकलकर रैली का नजारा देखने लगे। यहां लोगों ने अहसास किया कि 15 अगस्त का दिन छुट्टी का नहीं बल्कि अपने देश और देश प्रेम के लिये समर्पित होने का दिन है। स्वरूप नगर-आर्य नगर पर व्यापारियों ने रैली का भव्य स्वागत किया। बाइकों पर साथ चल रहे युवाओं की टोली ढोल पर मस्त होकर नाचने लगी तो राहगीर भी खुद को रोक नहीं पाये, वे भी युवाओं संग नाचने लगे। बेटी बचाओ, अनेकता में एकता, श्री कृष्ण झांकी, कन्या भ्रूण हत्या, नारी शक्ति आदि की झांकियों संग रैली आर्य नगर से बेनाझाबर, अशोक नगर, अस्सी फिट रोड होते हुई गुमटी पहुंची। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने स्वागत कर फूल बरसाए। लोग गले मिले, एकता के नारे लगाये गये और भारत माता पर भव्य पुष्पांजलि की गई। यहां से जरीब चौकी, सीसामऊ, बजरिया, बकरमंडी, चुन्नीगंज और लाल इमली में रास्ते भर आमजनों, व्यापारियों, समाजसेवियों, बच्चों और राहगीरों ने रैली का अभिवादन किया। रैली परेड चौराहे पर पहुंची तो ईसाई समुदाय के लोगों और पादरी गण ने फूल उड़ाकर रैली का स्वागत किया।
बड़े चौराहे पर व्यापारी नेता और चूड़ी मार्केट के व्यापारी व दुकानदार इंतजार में थे, सो पहुंचते ही रैली पर फूलों की वर्षा की गई। लोगों ने चौराहे की सड़क फूलों से पाट दी। फल और मिठाई बांट कर जश्न मनाया। रैली फूलबाग पहुंची तो व्यापारी नेताओं, स्कूल, कॉलेज और संस्थाओं में स्वागत की होड़ मच गई। फूलबाग में मिठाई, बिस्कुट, चॉकलेट और नमकीन से भव्य स्वागत हुआ। अब रैली बिरहाना रोड की ओर बढ़ रही थी। यहां विधायक सलिल विश्नोई ने रैली के साथ मां तुझे प्रणाम, जय हो और वंदेमातरम् का नारा बुलंद दिया। आगे बढ़े तो ओमर वैश्य स्कूल बच्चों की मानव श्रृंखला ने आजादी का पैगाम प्रस्तुत कर वंदेमातरम् गाया और तिरंगा लहरा कर रैली की भव्य स्वागत किया। पेरेन्ट्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आइसक्रीम खिलाकर रैली में शामिल लोगों का उत्साह बढ़ाया। बिरहाना रोड से नयागंज की ओर बढ़ी रैली को जनरलगंज और सर्राफा मार्केट के व्यापारियों ने और नयागंज से घंटाघर बढ़ी रैली को व्यापारियों, समाचार पत्र विक्रेताओं व थोक एवं फुटकर व्यापारियों, आढ़तियों और लोगों ने खूब सराहा। इन चौराहों पर जश्न का माहौल रहा। लोग झूम के नाचते गाते रहे। एक दूसरे का मुंह मीठा कराया गया। देशभक्ति के नारों संग रैली यहां से हालसी रोड, लाटूश रोड होते हुए कोपरगंज की ओर चली तो लोगों के साथ क्षेत्रीय व्यापारियों का रेला उमड़ पड़ा। फिर से जश्न का वही माहौल था। यहां से झकरकटी और टाटमिल की ओर बढ़ी रैली का भव्य स्वागत हुआ। ट्रांसपोर्ट नगर से बाकरगंज तक रैली में भीड़ ही भीड़ दिख रही थी। हर कोई रैली के साथ चलने को बेकरार था। तिरंगे से सजे चौराहे पर यहां भारत माता को नमन कर माल्यार्पण किया गया। यहां से किदवई नगर की ओर चली रैली के स्वागत में भव्य द्वार सजाया गया था। आमजन-व्यापारी गण और युवा ढोल-नगाड़ों पर जमकर नाचे। लड्डू बांटे गये। फूल तो हवा में ऐसे उड़ रहे थे जैसे कोई हवाई जहाज से फूल बरसा रहा हो। यहां रैली का हर रंग तिरंगे के रंग-सा अद्भुत था। फिर बारादेवी, गौशाला चौराहा, दीप टॉकीज होते हुए साकेत नगर पहुंची रैली ने तो मानो इतिहास रच दिया। संस्थाओं, क्लबों और संगठनों के साथ सैकड़ों स्कूली बच्चे और शिक्षक रिमझिम बारिश के बाद भी बैंड के साथ रैली के स्वागत के लिए तैयार थे। उत्साह कम होने का नाम ही नहीं ले रहा था। बारिश में भीगते बच्चों और शिक्षकों का जोश देखने लायक था। यहां से गोविंद नगर नंदलाल चौराहा, चावला मार्केट पहुंचने पर रैली के स्वागत में महिलाएं, बच्चे और पुरुषों के साथ व्यापारियों की भीड़ खड़ी थी। आतिशबाजी के नजारे भी खूब थे। ये देश है वीर जवानों का..देशभक्ति गीत पर नाच रही महिलाओं और युवतियों ने अमर उजाला के साथ जमकर जश्न मनाया। गोविंदपुरी पुल होते हुए भल्ला चौक पर पहुंची रैली के साथ स्वागत में पलकें बिछाये बैठे पार्षदों, समाजसेवियों और क्षेत्रीय लोगों ने भव्य स्वागत किया। मरियमपुर चौराहे से जेके मंदिर पहुंची रैली का पांडु नगर में पीएफ कर्मचारियों ने शानदार स्वागत किया। इसके बाद नीरक्षीर चौराहा पहुंची रैली पर तोप से फूल बरसाए गए। यहां खूब आतिशबाजी की गई। डबल पुलिया पर पटेल महिला सेवा समिति का स्वागत भी खूब रहा। यहां से विजय नगर, फजलगंज होते हुए अमर उजाला कार्यालय पहंची रैली का समापन मां तुझे प्रणाम उद्घोष से किया गया। रैली में ‘अमर उजाला’ के ‘बेटी बचाओ अभियान’ के साथ ‘रक्तदान महाअभियान’ के संकल्प भी लिए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें