कानपुर। रायफल के लाइसेंस पर असम से रिवाल्वर भी चढ़ा दी गई। इसका नवीनीकरण भी होता रहा। लाइसेंसधारक ने रिवाल्वर बेटे के नाम कराने की अर्जी दी तो मामला पकड़ में आया। इस पर लाइसेंसधारक की रिवाल्वर जमा करा दी गई है। उन्हें नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।
गुरुदेव पैलेस के पीछे कल्याणपुर निवासी सुरेंद्र कुमार कनौजिया के नाम 13 अक्टूबर 1982 में रायफल का लाइसेंस जारी हुआ था। 13 फरवरी 1991 को इसी लाइसेंस पर जिला मजिस्ट्रेट कर्वी असम से रिवाल्वर का एडीशन करा लिया गया। अब रिवाल्वर बेटे संजीव कनौजिया के नाम कराने के लिए अर्जी दी गई तो सिटी मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह ने शक होने पर जांच शुरू कराई। डीएम एपी अग्रवाल ने कर्वी एंगलन जिला डिफू असम के डीएम को पत्र लिखकर रिवाल्वर के बारे में सत्यापन रिपोर्ट मंगाई तो 26 अक्टूबर को वहां से पत्र आया कि दस्तावेज में रिवाल्वर अंकित नहीं है। इस पर रिवाल्वर जमा करा दी गई है। 9 नवंबर को सिटी मजिस्ट्रेट ने लाइसेंसधारक को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। लाइसेंसधारक ने असम जाने की बात कहते हुए समय मांग लिया है। सिटी मजिस्ट्रेट का कहना है कि जवाब आने के बाद कार्रवाई की दिशा तय होगी।